रायबरेली। जिले की मंडियों में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) की टीम ने चायनीज लहसुन की जांच की। शहर की गल्ला मंडी के साथ ही लालगंज और ऊंचाहार की मंडियों में बिक रहे लहसुन की जांच की गई। टीम ने लहसुन के दो सर्विलांस नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। छापे के दौरान मंडियों में अफरातफरी का माहौल रहा।
एफएसडीए के अभिहित अधिकारी डॉ. सीआर प्रजापति ने बताया कि खाद्य आयुक्त के आदेश पर चायनीज लहसुन की जांच के लिए मंडियों में टीमों को भेजा गया। बाजार में चायनीज लहसुन बेचे जाने की शिकायतें आ रही थी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी श्रीवास्तव, एफएसओ हरेंद्र सिंह, उदयराज मौर्या की टीम ने शहर के गल्लामंडी में लहसुन की जांच करने के बाद लालगंज की मंडी में थोक दुकानों पर लहसुन की जांच की। अल हबीब ट्रेडर्स से लहसुन का नमूना भरा। इसके अलावा ऊंचाहार की मंडी में अशोक की दुकान से लहसुन का नमूना भरा गया। सर्विलांस नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।