रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा विभाग में पीएमश्री के रूप में चयनित चारों राजकीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सेहत परखी जाएगी। इसके लिए ढाई महीने में पांच-पांच हेल्थ कैंप लगाए जाएंगे। विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाया जाएगा, ताकि छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा सके। विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। स्वास्थ्य शिविर में बच्चों को फल भी बांटे जाएंगे। हेल्थ कैंप लगाने के लिए 50-50 हजार रुपये दिए गए हैं।शहर के राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के साथ ही बछरावां के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और डीह के राजकीय इंटर कॉलेज को पीएमश्री के रूप में चयनित किया गया है। इन चारों विद्यालयों में अगले ढाई महीने तक पांच-पांच हेल्थ कैंप लगाने होंगे। हेल्थ कैंप लगने से विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। समग्र शिक्षा-माध्यमिक के जिला समन्वयक इरफान अहमद ने बताया कि एक हेल्थ कैंप पर 10 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। विशेषज्ञ चिकित्सकों की पांच सदस्यीय टीम बुलाई जाएगी। चारों विद्यालयों को 15 मार्च तक पांच-पांच हेल्थ कैंप लगाने होंगे। डीआईओएस संजीव कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित विद्यालयों को 50-50 हजार रुपये भेजे जा चुके हैं।