लखनऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के दौरान मंगलवार को राजधानी के केंद्रों पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने निरीक्षण किया। राजकीय इंटर कॉलेज हुसैनाबाद पहुंचे निदेशक ने परीक्षा की गाइडलाइन परखी। निदेशक को देखकर परीक्षार्थियों ने खड़े होने का प्रयास किया तो निदेशक ने उनसे कहा कि बच्चों आप लोग बिना तनाव के परीक्षा दीजिए। बहुत ज्यादा हाई मेरिट के परिणाम की चिंता नहीं करना है। कुम्हरावां इंटर कॉलेज में निरीक्षण के दौरान निदेशक ने छात्राओं से किसी भी दिक्कत के बारे में पूछा तो छात्राओं ने कोई भी समस्या से इन्कार किया। इसके बाद निदेशक ने रमा काॅन्वेंट और राष्ट्रपिता स्मारक इंटर कॉलेज में प्रश्नपत्रों के रखरखाव की व्यवस्था परखी।
वीडियो रिकार्डिंग सुरक्षित रखने का निर्देश
विद्यास्थली कनार इंटर कॉलेज पहुंचे जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने परीक्षा से जुड़ी विडियो रिकार्डिंग सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने कैमरे की व्यवस्था देखी जो कि सही रही।
3080 परीक्षार्थी अनुपस्थित
मंगलवार को प्रथम पाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में 3031 और द्वितीय पाली में 49 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।