लखनऊ। राजधानी के राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में स्थापित ड्रीम लैब का लाभ अब लखनऊ मंडल के अन्य जिलों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा। टाटा ट्रस्ट और अन्य कंपनियों के सहयोग से बनी इस लैब के जरिये कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थी रोबोट, ड्रोन, ईवी और घरेलू बिजली उपकरण बनाना सीखेंगे। जल्द ही प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों में लैब शुरू की जाएगी। इससे सभी मंडलों के जिलों के राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी भी ऑनलाइन माध्यम से आधुनिक तकनीकी शिक्षा हासिल कर सकेंगे।
शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने विभागीय अधिकारियों के साथ लैब का अवलोकन किया। विशेषज्ञों ने उन्हें मशीनों और तकनीकों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि लैब नोडल सेंटर के रूप में काम करेगी। लखनऊ के अलावा सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी और उन्नाव के इच्छुक विद्यार्थी भी प्रवेश लेकर ऑनलाइन कक्षाओं से जुड़ सकेंगे। प्रशिक्षण निशुल्क दिया जाएगा।
दो शिक्षक और चार विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण
लैब में कॉलेज के दो शिक्षकों के साथ टाटा की ओर से चार विशेषज्ञ तैनात किए गए हैं। विद्यार्थी ई-स्कूटी असेंबलिंग, मैकेनिकल इंजन, आठ प्रकार के ड्रोन, थ्रीडी प्रिंटर और घरेलू इलेक्ट्रिक उपकरणों का प्रशिक्षण लेंगे।
Iइस लैब का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक और उद्योग-अनुकूल तकनीकों का प्रशिक्षण देना है। इसमें छात्रों को कंप्यूटर एडेड डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, रोबोटिक्स, वर्चुअल रियलिटी और ऑगमेंटेड रियलिटी जैसी तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। लैब का अवलोकन किया गया है। उद्घाटन की औपचारिकताएं पूरी होते ही छात्रों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। I
पार्थ सारथी सेन शर्मा अपर मुख्य सचिव बेसिक व माध्यमिक
लैब का निरीक्षण करते अपर मुख्य सचिव बेसिक व माध्यमिक पार्थ सेन गुप्ता।