नया साल पर लोग अपनों को बधाई देने के लिए तरह-तरह की ग्रीटिंग कार्ड, महंगे फूल व गिफ्ट पैक खरीद रहे हैं लेकिन फतेहपुर के युगांतर विद्या मंदिर के कक्षा छह से आठ तक के 775 छात्र-छात्राओं ने इस सबसे इतर एक अनूठी मिसाल पेश की है।
इन छात्रों ने अपनी पॉकेट मनी को जुटा कर नौ हजार रुपये एकत्र किए और उसे चेन्नई के बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष को भेज दिया।
यहां बच्चों ने मिलकर यह फैसला लिया कि वो इस बार नये वर्ष को मनाने में पैसा नहीं खर्च करेंगे। सबको जो पॉकेट मनी मिली है उसे एकत्र कर चेन्नई के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में भेजा जाएगा।
गुरुवार को स्कूल में बच्चों ने अपनी पॉकेट मनी एकत्र कर नौ हजार रुपये जुटाए और राशि कॉलेज के प्रधानाचार्य आशुतोष वर्मा को सौंप दिया। उन्होंने बैंक ड्रॉफ्ट बनवाकर उसे डीएम योगेश्वर राम मिश्र को सौंपा। यह राशि प्रधानमंत्री राहत कोष में भेजी जाएगी। डीएम ने कहा कि बच्चों ने बहुत अनोखी मिसाल पेश की है। इससे सबक लेना चाहिए।