भारतेंदु नाट्य अकादमी में बच्चों को अभिनय का प्रशिक्षण दे रहे अंतरराष्ट्रीय रंगमंच प्रशिक्षक, अ
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय रंगमंच शिक्षक, अभिनेता और निर्देशक वाल्टर पीटर इन दिनों लखनऊ में हैं। वे भारतेंदु नाट्य अकादमी में चल रही बच्चों की कार्यशाला में उन्हें अभिनय का ककहरा सिखा रहे हैं। बच्चों को भी उनकी कक्षा में भरपूर मस्ती के साथ सीखने को मिल रहा है। खेल-खेल में बच्चों को एक नाटक की भी तैयारी करवा रहे हैं जिसका मंचन सात जुलाई को संगीत नाटक अकादमी में किया जाएगा।
वाल्टर पीटर ने बताया कि तीस दिवसीय कार्यशाला में बच्चों को एक अद्भुत नाटक की तैयारी करवा रहे हैं जो ‘अली बाबा चालीस चोर’ का भारतीय रूपांतरण है। नाटक हमें बताता है कि किस तरह से आतंकवाद हमारी संप्रभुता को नुकसान पहुंचा रहा है। इस नाटक का मुख्य किरदार बजरंगी, मरजीना की मदद करता है और आतंकवाद का खात्मा करता है। नाटक की पृष्ठभूमि राम रहीमपुर गांव की है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में तकरीबन 50 बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
लापोला टीआईई-इंडिया के संस्थापक पीटर का जन्म दिल्ली में हुआ और वर्तमान में अहमदाबाद में रहे हैं। उनका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और लिमका बुक में भी दर्ज है। उनके एकल नाटक ‘ला पो ला चिल्ड्रन फ्रेंड’ कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समारोह में प्रदर्शित हो चुका है। उन्हें रूस के तुला में जिंजर फेस्ट में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। उनके स्व-लिखित और निर्देशित नाटकों को 2003, 2010 और 2016 में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की ओर से जश्न- ए- बचपन जैसे अंतरराष्ट्रीय समारोह में भी प्रदर्शित किया गया। वाल्टर पीटर ने बताया कि लखनऊ में बच्चों के भीतर अभिनय की नैसर्गिक प्रतिभा है जिससे वे काफी प्रभावित हैं। बोले, लखनऊ की तहजीब, जुबान और यहां का खानपान लाजवाब है।
तीन हजार से ज्यादा बाल प्रशिक्षकों को दी ट्रेनिंग
भागीदारी और सामाजिक परिवर्तन को बढ़ावा देने के लिए वाल्टर पीटर ने देश के विभिन्न हिस्सों में एक हजार से अधिक बच्चों के समूह स्थापित किए और पिछले 20 वर्षों में तीन हजार से अधिक बाल प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया है। हाल ही में, उन्होंने अपना पहला शोध पत्र ‘भारत में बचपन का निर्माण’ प्रस्तुत किया है। उन्हें एनसीईआरटी, नई दिल्ली की ओर से एनईपी-2020 के तहत माध्यमिक स्तर के लिए ‘कला एकीकृत शिक्षा’ पर दिशा-निर्देशों का मसौदा तैयार करने के लिए समीक्षा समिति के सदस्य के रूप में आमंत्रित किया गया था।