मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि होली, रमज़ान व शबेबरात को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराएं। त्योहार के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
वह बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों व जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने ऊर्जा विभाग की समीक्षा में निर्देशित किया कि गर्मी के मद्देनजर बिजली व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखी जाए। सभी जिलाधिकारी एसई व एक्सईएन के साथ बिजली तारों, ट्रांसफार्मर व ओवरलोडिंग आदि की समीक्षा कर लें। मेंटिनेंस कार्यों में तेजी लायी जाये। बोर्ड परीक्षा की समीक्षा में उन्होंने कहा कि अभी तक की परीक्षायें शांतिपूर्ण तरीके से नकलविहीन हुई हैं। इसी तरह बची परीक्षा को भी संपन्न कराया जाए। कारागार विभाग के अधिकारियों से उन्होंने कहा कि बंदियों की समय पूर्व रिहाई में पूरी प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करें।
बैठक में प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा दीपक कुमार, प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा सुधीर एम बोबड़े, प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार, प्रबंध निदेशक यूपीपीसीएल पंकज कुमार, महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद आदि अधिकारी व सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी शामिल हुए।
जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल का हो पालन, रिसीव करें उनके फोन
मुख्य सचिव ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सामान्य शिष्टाचार व प्रोटोकॉल के संबंध में शासन स्तर से जो निर्देश जारी किये जाते हैं, उनका अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। जनप्रतिनिधियों को जो सम्मान मिलना चाहिये, वह दिया जाए। उनके फोन उठाएं और अगर किसी वजह से न उठा सकें तो बाद में कॉल बैक करें।
3502 विद्यालयों के पुननिर्माण के लिए 599 करोड़
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में मुख्य सचिव ने कहा कि शहरी क्षेत्र में स्थित विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत होने वाले कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर काम शुरू करा दिया जाये। प्रदेश के 3502 विद्यालयों के पुननिर्माण के लिए 599 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध करायी गई है। इसका शत प्रतिशत उपयोग पारदर्शिता के साथ किया जाये। जिलाधिकारी निपुण भारत मिशन की नियमित समीक्षा करें।
सतत हो सुंदरीकरण कार्य, जनसहभागिता सुनिश्चित करें
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के आगरा व लखनऊ में जी-20 की बैठक हो चुकी है। वाराणसी और गौतमबुद्ध नगर में जी-20 सम्मेलन की बैठकों का आयोजन होना है। इनमें जो सौन्दर्यीकरण कार्य कराये गये हैं, उससे शहर की तस्वीर बदल गई है। कनवर्जेन्स व जन सहभागिता से इस तरह का काम हर जिले में किया जा सकता है। जो भी काम कराया जाएं, वह सतत हों। इसमें जन सहभागिता सुनिश्चित करें। शहर को हरा, स्वच्छ और सुंदर बनायें। इससे पूर्व मंडलायुक्त आगरा ने जी-20 के लिये शहर में कराये गये सौन्दर्यीकरण, डीएम झांसी ने तुलसी की खेती व सीडीओ शाहजहांपुर ने ड्रेगन फ्रूट (कमलम्) पर अपना प्रस्तुतीकरण दिया।