गाजियाबाद में बुजुर्ग से मारपीट के मामले पर मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आमने-सामने आ गए। पहले राहुल गांधी ने ट्वीट करके इशारों-इशारों में योगी सरकार पर निशाना साधा। इसके बाद सीएम योगी ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल ने जीवन में कभी सच नहीं बोला।
गौरतलब है कि गाजियाबाद में मुस्लिम समुदाय के एक बुजुर्ग शख्स के साथ मारपीट का वीडियो आने के बाद इस मामले पर राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना को शर्मनाक बताया है। राहुल ने ट्वीट करके कहा ‘मैं ये मानने को तैयार नहीं हूं कि श्रीराम के सच्चे भक्त ऐसा कर सकते हैं। ऐसी क्रूरता मानवता से कोसों दूर है और समाज व धर्म दोनों के लिए शर्मनाक है।’
सीएम योगी राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए ट्वीट किया ‘प्रभु श्री राम की पहली सीख है सत्य बोलना जो आपने कभी जीवन में किया नहीं। शर्म आनी चाहिए कि पुलिस द्वारा सच्चाई बताने के बाद भी आप समाज में जहर फैलाने में लगे हैं। सत्ता के लालच में मानवता को शर्मसार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता को अपमानित करना, उन्हें बदनाम करना छोड़ दें।’
बता दें कि गाजियाबाद में एक बुजुर्ग शख्स के साथ मारपीट करने और जबरन उसकी दाढ़ी काटने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। इस वीडियो में अब्दुल समद नाम के एक 72 वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट की बात सामने आई है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच शुरू की है। वहीं विपक्ष इसे लेकर सरकार की मंशा और कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है।