यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : ANI
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कोविड-19 की रिकवरी दर 87 प्रतिशत से भी अधिक हो जाने पर संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह देश के औसत रिकवरी रेट 84 फीसदी से तीन प्रतिशत अधिक है। मुख्यमंत्री सोमवार को अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव व उपचार की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखी जाए। संक्रमण की चेन को तोड़ने में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस पर और ध्यान केंद्रित किया जाए।
उन्होंने लखनऊ तथा कानपुर नगर के नोडल अधिकारियों से संक्रमण की स्थिति जानकारी वहां ली और निर्देश दिए कि इन जिलों में संक्रमण को नियंत्रित करने की कार्यवाही प्रभावी ढंग से जारी रखी जाए। मीटिंग में स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, मुख्य सचिव आरके तिवारी व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
धान क्रय केंद्रों पर सभी प्रबंध करें
योगी ने धान क्रय केंद्रों पर सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि धान बेचने वाले किसान के खाते में हर हाल में धनराशि 72 घंटे में ट्रांसफर हो जाए। उन्होंने धान क्रय केंद्रों पर जिला प्रशासन के सहयोग से कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान के तहत अधिक से अधिक कार्य किए जाएं ताकि यूपी देश में प्रथम स्थान पर बना रहे।