सीएम योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र
- फोटो : एएनआई
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की तरफ से चयनित नलकूप संचालकों को आज नियुक्ति पत्र और पदस्थापना पत्र मिले। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपीएसएसएससी चयन प्रक्रिया से चुने गए 3209 ट्यूबवेल आपरेटर्स को वर्चुअली नियुक्ति पत्र बांटे।
उन्होंने कहा कि ट्यूबवेल आपरेटर्स की ड्यूटी है कि वह सभी किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पहले ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति की व्यवस्था ठीक की और अब नलकूप ऑपरेटरों की नियुक्ति की गई। अब प्रदेश में इनकी संख्या 12 हजार हो जाएगी। आपको बता दें कि प्रदेश में पहली बार नलकूप ऑपरेटरों में महिलाओं को भी चुना गया है।