उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खाद्य की कालाबाजारी करने पर सख्ती दिखाई है। उन्होंने अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को खाद व अन्य कृषि सामग्री सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके लिए कई कदम उठाए गए हैं। खाद की कालाबाजारी कर किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ राज्य सरकार सख्ती से पेश आएगी। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ एनएसए के तहत कार्यवाही पर विचार करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विशेष आर्थिक पैकेज के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स को लाभान्वित करने के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाए। इसके लिए कार्ययोजना बनाकर अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को लाभान्वित किया जाए।
यूरिया की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रदेश भर में मारे जाएंगे छापे
प्रदेश में यूरिया की कालाबाजारी और ओवर रेटिंग को रोकने के लिए डीलरों के यहां ताबड़तोड़ छापे मारने के निर्देश दिए गए हैं। अगले दो-तीन दिन तक युद्ध स्तर पर यह कार्रवाई होगी। कहीं भी गड़बड़ मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में विधान भवन में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में ये निर्णय लिए गए। इसकी जानकारी बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दी। इस बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा और अपर मुख्य सचिव कृषि डॉ. देवेश चतुर्वेदी भी मौजूद रहे।