कोरोना टीकाकरण के दौरान बलरामपुर अस्पताल पहुंचे सीएम योगी।
- फोटो : amar ujala
लखनऊ में कोरोना टीकाकरण की शुरुआत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर अस्पताल का दौरा किया और जिन स्वास्थकर्मियों का टीकाकरण किया गया उनसे मुलाकात कर उनका हालचाल लिया।
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन उमंग और उत्साह का दिन है। पूरे देश को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण सुनने का अवसर मिला। टीकाकरण की शुरुआत के साथ ही हम कोरोना के खिलाफ जंग में विजय की तरफ बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि मैंने अभी जिन स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना का टीका दिया गया है उनसे मुलाकात की। सभी स्वस्थ हैं। उन्होंने इस दौरान लोगों को भी सलाह दी कि अफवाहों से सावधान रहें। जल्दबाजी न करें। टीकाकरण के लिए अपनी बारी का इंतजार करें। भारत में बनाई गई वैक्सीन दुनिया की सबसे सस्ती और प्रभावशाली वैक्सीन हैं।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण के बाद भी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए शारीरिक दूरी बनाएं रखें और मास्क पहनकर चलें। दूसरे चरण में पुलिसकर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी।