उन्होंने विपक्ष की तरफ इशारा करते हुए कहा कि यहां सीएए समर्थक बैठे हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि वे देश की छवि खराब करके क्या पाना चाहते हैं? आगजनी, तोड़फोड़ कर निर्दोषों को निशाना बनाकर वे क्या साबित करना चाहते हैं? कानून को बंधक बनाकर, सुरक्षा को चुनौती देकर उन्हें क्या मिलने वाला है। सीएए नागरिकता देने का कानून है लेने का नहीं।
कांग्रेस कानून बनाए तो सही, हमारी सरकार बनाए तो गलत
मुख्यमंत्री ने कहा, नागरिकता कानून 1955 में कांग्रेस ने बनाया था। इसमें नागरिकता देने की सीमा 11 साल थी जो कि अब 5 साल कर दी गई है। कांग्रेस करे तो ठीक, हमारी सरकार करे तो गलत।
उन्होंने प्रदर्शनकारियों को निशाने पर लेते हुए कहा कि यह विकास को अवरुद्ध करने और देश की छवि को बिगाड़ने का कुत्सित प्रयास है। इस मुद्दे पर विपक्ष का रवैया गैर जिम्मेदार है। यह लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है। विपक्ष को सदन में सही तथ्य रखने चाहिए। विरोध दर्ज कराने के लिए सदन से बेहतर जगह क्या होगी? हम विपक्ष को सम्मान देंगे, लेकिन 23 करोड़ लोगों की सुरक्षा भी हमारा दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व का सबसे बड़ा मुस्लिम देश इंडोनेशिया है। अयोध्या में रामलीला के मंचन के बाद इंडोनेशिया के कलाकार उनसे मिलने आए थे। सीता, राम, हनुमान, सभी का अभिनय करने वाले मुस्लिम थे। उन्होंने कहा कि राम हमारे पूर्वज हैं। हमने उपासना विधि बदली है पूर्वज नहीं। कुछ लोग इस देश में रहकर यहां की रोटी खाएं और राम से दुराव करें, यह ठीक नहीं है। उन्हें राम के नाम पर करंट लगता है। अयोध्या में हमने मस्जिद के लिए 5 एकड़ जमीन दी है। याद दिलाया, केरल में मस्जिद हिंदू राजा ने बनवाई थी। हमारी प्रतिबद्धता किसी जाति, मत या मजहब नहीं, प्रदेश की 23 करोड़ जनता के प्रति है।