मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वच्छता और सैनिटाइजेशन से न केवल कोविड-19 संक्रमण को, बल्कि संचारी रोगों पर भी काफी हद तक काबू पाया जा सकता है। शनिवार और रविवार की साप्ताहिक बंदी इसी कार्रवाई का हिस्सा है।
इस दौरान मेडिकल स्क्रीनिंग, सर्विलांस टीम और एंबुलेंस सेवा को सक्रिय रखते हुए बीमारी की स्थिति में मृत्यु दर को नियंत्रित किया जा सकता है। सीएम मंगलवार को यहां अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सर्विलांस टीम की सक्रियता से कोरोना के संक्रमण को रोका जा सकता है। सर्विलांस टीम के पास इंफ्रारेड थर्मामीटर, पल्स ऑक्सीमीटर और सैनिटाइजर जरूर होना चाहिए। कोविड-19 से बचाव के लिए लोगों को लगातार जागरूक किया जाए। मास्क के अनिवार्य उपयोग और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए लोगों को जागरूक किया जाए।
मुख्यमंत्री ने सभी कोविड और नॉन कोविड अस्पतालों की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ नियमित राउंड ले। पैरामेडिक्स रोगियों की मॉनिटरिंग करें।