मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अयोध्या नगरी का विकास इस तरह किया जाए कि वहां आने वालों को कोई दिक्कत न हो। सुगम यातायात व्यवस्था के लिए सड़कों का चौड़ीकरण कराया जाए और मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएं।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या धाम के विकास के लिए कराए जाने वाले कार्यों के संबंध में शुक्रवार को अपने आवास पर प्रस्तुतीकरण देखने के बाद ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या नगरी के विकास के सभी कार्य चरणबद्ध तरीके से कराए जाएं।
विभिन्न दिशाओं से अयोध्या पहुंचने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए सड़कों का प्रभावी और निर्बाध नेटवर्क तैयार किया जाए। सड़कों के दोनों ओर सभी जनसुविधाओं, पेयजल, शौचालय की अच्छी व्यवस्था की जाए।
विभिन्न स्थलों पर मल्टी लेवल पार्किंग बनवाई जाएं, ताकि लोग सड़क पर वाहन न खड़े करें। बसों व अन्य वाहनों की पार्किंग के लिए बड़े बस स्टैंड बनाए जाएं। भूमिगत केबलिंग की व्यवस्था की जाए ताकि इधर-उधर तार न लटकें।