मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों में एन-95 मास्क, पीपीई सहित संक्रमण से सुरक्षा के सभी उपकरण पर्याप्त मात्रा में अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें। यह सुनिश्चित किया जाए कि यह उपकरण निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के अनुरूप हों। उत्तर प्रदेश कोविड केयर फंड और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में उपलब्ध धनराशि से पीपीई खरीदी जाएं। उन्होंने बायोसेफ्टी टेस्टिंग लैब्स की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अन्य राज्यों और विदेशी छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इन विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक संबंधित जिले हेतु एक नोडल अधिकारी नामित किया जाए। उन्होंने अन्य राज्यों में रह रहे उत्तर प्रदेश वासियों की समस्याओं के समाधान के लिए सुनवाई करने व उनकी दिक्कतें दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निराश्रित व्यक्ति की मृत्यु होने पर शासन द्वारा अनुमन्य राशि से दिवंगत का अंतिम संस्कार कराया जाए।