नगर के गुरुद्वारों में बुधवार को गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व की धूम रही। नाका और यहियागंज गुरुद्वारे में सुबह से रात तक आयोजन हुए। यहियागंज गुरुद्वारे पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने शबद सुने और गुरु को मत्था टेका। सीएम ने कहा कि धर्म की रक्षा के लिए चारों पुत्रों के बलिदान के बाद गुरु गोविंद सिंह ने खुद के बलिदान में संकोच नहीं किया। तमाम लोग आज भी साहिबजादों की शहादत से अंजान हैं, उनके बारे में जानना चाहिए।
यहियागंज गुरुद्वारे में कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक, आशुतोष टंडन, महापौर संयुक्ता भाटिया ने भी गुरुद्वारा साहब में माथा टेका और शबद सुने। बाद में ज्ञानी परमजीत सिंह, डॉ. गुरमीत सिंह, मनमोहन सिंह हैप्पी एवं डॉ. अमरजोत सिंह ने मुख्यमंत्री को गुरु घर का सत्कार शॉल, सिरोपा कृपाण, गुरु गोविंद सिंह का चित्र भेंट किया। शबद सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने सभी संगतों को श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के प्रकाश पर्व पर बधाई दी। नगर के गुरुद्वारों में दीवान सजे, रागी जत्थों ने शबद कीर्तन किए, संगतों ने लंगर छका।
सबको पटना साहिब जरूर जाना चाहिए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सबको एक बार पटना साहिब जरूर जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यहियागंज गुरुद्वारा में काफी दिन गुजारने वाले गुरु गोविंद सिंह ने माता गुजरी के साथ इस स्थान को पवित्र किया। धर्म, समाज की रक्षा के लिए सिख समाज का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। जब मैं पटना में था तो सबने पूछा कि कहां जाना चाहते हैं, तो मैंने कहा कि पटना साहिब जाना चाहता हूं। मुख्यमंत्री ने सिखी बाणा में आए बच्चों का हौसला बढ़ाया।
31 को साहिबजादा पार्क का शिलान्यास
केंद्रीय गुरु सिंह सभा आलमबाग के मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री 31 जनवरी को गुरुद्वारा आलमबाग में दर्शन करने पहुंचेंगे। वे यहां गुरुद्वारा आलमबाग के पास साहिबजादा पार्क का शिलान्यास करेंगे।
नाका गुरुद्वारे में सजा दीवान, बंटा लंगर
गुरु गोविंद सिंह महाराज का 355वां प्रकाश पर्व नाका गुरुद्वारे में धूमधाम से मनाया गया। संगमरमर की पालकी में गुरु को प्रकाश किया। हजूरी रागी जत्था भाई राजिन्दर सिंह ने ‘हम इह काज जगत मो आये धरम हेत गुरदेव पठाए’, पवित्र आसा-दी-वार का कीर्तन किया। श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार राजेंद्र सिंह बग्गा की मौजूदगी में मुख्य ग्रांथी ज्ञानी सुखदेव सिंह ने जीवनी बखानी। बीबी जसप्रीत कौर जस लुधियाना वालों ने संगतों को निहाल किया। बच्चों के साथ माता गुजरी सत्संग सभा की सदस्याओं ने शबद कीर्तन गया। 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए हुए सिक्खी बाणा मुकाबले में भाग लेने वाले बच्चों और सहज पाठ में पाठ करने वाले सदस्यों को पुरस्कृत किया गया। कई सेवियों को गुरु घर के सम्मान सिरोपा से सम्मानित किया गया। लंगर वितरण की सेवा सिख यंग मेन्स एसोसिएशन एवं दशमेश सेवा सोसाइटी के सदस्यों ने की। संगतों ने लंगर छका।