क्वारंटीन सेंटर में चिकन व बिरयानी की दावत
- फोटो : अमर उजाला
बहराइच के रिसिया क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय डिहवा के क्वारंटीन सेंटर में मुंबई से आए दो मजदूर रखे गए थे। यहां क्वारंटीन किए गए मजदूरों ने शुक्रवार की रात घर से पका मुर्गा और बिरयानी व खाना मंगवाकर जमकर दावत उड़ाई।
इसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। शनिवार को सुबह पहुंची चिकित्सकों की टीम ने दोनों मजदूरों को होम क्वारंटीन करा दिया, मगर कार्रवाई की बात पर सब किनारा करते दिखे।
कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए पूरे देश में लॉकडाउन घोषित किया गया है। वायरस को फैलने से रोकने के लिए लोगों को सादा और पौष्टिक भोजन करने को प्रेरित किया जा रहा है। विकास खंड रिसिया के प्राथमिक विद्यालय डिहवा को क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है।
यहां पर मुंबई से तीन दिन पूर्व दो मजदूर पहुंचे थे। इन मजदूरों को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुलाम खां ने स्कूल में ही क्वारंटीन करा दिया था। मजदूरों को सेंटर पर ही खाना देने की व्यवस्था तय की गई थी। इसके बावजूद इन दोनों मजदूरों ने शुक्रवार की रात अपने घर से मुर्गा व बिरयानी बनवाकर मंगवाई।