रायबरेली। दिवाली का उल्लास हर तरफ दिख रहा है। दीयों व बिजली की झालरों से घर और प्रतिष्ठान सज गए हैं। चौराहों व सरकारी इमारतों को भी सजाया गया है। आकर्षक सजावट हर किसी का मनमोह रही है। बुधवार को दिवाली पर भगवान गणेश व मां लक्ष्मी के पूजन की सामग्री के साथ लइया, चूरा, गट्टा व सजावटी सामान की खरीदारी में लोग व्यस्त दिखे।
खरीदारी की भीड़ से बुधवार देर रात तक बाजार गुलजार दिखे। प्रमुख बाजारों में इतनी भीड़ थी कि पैदल चलना भी मुश्किल था। पर्व को परंपरागत तरीके से मनाने के लिए पूरे दिन बाजार में खरीदारी का सिलसिला चलता रहा। दीपावली का उत्साह सबसे अधिक बच्चों में नजर आ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस मुस्तैद दिखी।
छोटी दिवाली पर बुधवार को कई मोहल्लों में बच्चों ने पटाखे दगाकर खुशियां मनाई। शहर के सभी बाजार में धनतेरस जैसी रौनक दूसरे दिन भी दिखी। लोग दिवाली की खरीदारी के लिए निकले। लइया, चूरा, मिठाई, कपड़े आदि की खरीदारी करने के बाद शाम को लोग अपने घरों को सजाने में जुट गए। रात होते ही घर और प्रतिष्ठान रोशनी से जगमगा उठे।
पूजन सामग्री की खूब हुई बिक्री
दिवाली पूजन से संबंधित सामग्री की खूब बिक्री हुई। ग्राहकों की भीड़ के कारण शहर के बाजार में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। इस दौरान लोगों ने गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति, पूजन सामग्री, लक्ष्मी के चरण व रेडीमेड रंगोली समेत अन्य वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। खरीदारी का यह सिलसिला देर रात तक चला। इससे बाजारों में रौनक दिखी।
मिठाई की दुकानों पर उमड़े खरीदार
लइया, चूरा के बाद दिवाली पर लोगों ने सबसे ज्यादा मिठाई की खरीदारी की। इसके चलते शहर की मिठाई की छोटी-बड़ी सभी दुुकानों पर पूरे दिन भीड़ रही। पर्व के लिए दुुकानदारों ने पहले से तैयार की थी। उन्होंने कई विशेष मिष्ठान बनाकर उन्हें दुकानों के सामने आकर्षक तरीके से सजाया भी। ऐसी दुकानों पर बुधवार देर रात तक भीड़ दिखी। शहर में जिला अस्पताल चौराहा, कचहरी रोड, बस स्टेशन, सिविल लाइंस स्थित मिठाई की दुकानों पर रात तक लोगों ने मिठाई खरीदी। इसके साथ कस्बों में भी मिठाई की दुकानें गुलजार रहीं।
कपड़ों की खूब हुई खरीदारी
दिवाली पर अन्य सामान के साथ लोगों ने कपड़ों की खरीदारी भी खूब की। इससे कपड़े की दुकानों पर शाम तक रौनक दिखी। महिलाओं ने साड़ियां लीं तो बच्चों के लिए रेडीमेड कपड़े खरीदे। युवाओं की पसंद रेडीमेड कपड़ों के साथ डिजाइनर कुर्ते थे। कारोबार अच्छा होने से व्यापारी गदगद दिखे।
यह है दिवाली पूजन का मुहुर्त
पंडित सुरेश कुमार पाठक ने बताया कि बृहस्पतिवार को दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। पूजन के लिए विशेष मुहूर्त वृष लग्न में बृहस्पतिवार की शाम 6:11 बजे से 8:08 बजे तक एवं सिंह लग्न में रात्रि 12.39 से रात 2.53 तक शुभ मुहूूर्त है।