रायबरेली। छतोह ब्लॉक मुख्यालय सभागार में मंगलवार को ब्लाॅक प्रमुख की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक में 2.37 करोड़ के विकास कार्य पास किए गए। नाली, खड़ंजा, इंटरलॉकिंग, पेयजल आदि के कार्य कराए जाएंगे। बैठक में ब्लाक के कर्मचारियों के न आने का मुद्दा गूंजा।
ब्लाक मुख्यालय सभागार में ब्लाक प्रमुख संगीता देवी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। प्रधान संघ अध्यक्ष ब्रजपाल सिंह पासवान ने गांव में हैंडपंप से दूषित पानी आने की समस्या उठाई। ब्लाक में कर्मचारियों के न बैठने से लोगो के परिवार रजिस्टर सहित अन्य कार्यो के लिए लोगों को भटकना पड़ता है। राई प्रधान रामसमुझ पांडेय ने गोशाला निर्माण का पेमेंट कराने का मुद्दा उठाया। कोडरा प्रधान राजाराम ने ग्राम सभा में विद्यालय के कायाकल्प व खेलकूद मैदान बनवाने का प्रस्ताव दिया। क्षेत्र पंचायत सदस्य व प्रधानों ने विद्यालय के कायाकल्प, खेलकूद मैदान, इंटर लॉकिंग, अमृत सरोवर सहित आदि कार्यो के विकास का प्रस्ताव दिया।
बैठक में बिजली कटौती का भी मामला उठा। बीडीओ ए के तिवारी ने बताया कि 2.37 करोड़ के विकास कार्य पास किए गए हैं। गांवों में खेलकूद मैदान व पार्क के लिए प्रधानों से जमीन का प्रस्ताव मांगा गया है। ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि विशाल सिंह, प्रधान राजाराम, संदीप कुमार, रमाकांत तिवारी, अभय तिवारी, नत्थू, शिवेंद्र सिंह, अमरनाथ, मो. सोहराब, तुलसी पासी, सुभाष, राजाराम आदि मौजूमद रहे।