लखनऊ। चेहल्लुम के मौके पर मंगलवार दोपहर एक बजे इमामबाड़ा नाजिम साहब विक्टोरिया स्ट्रीट से जुलूस निकाला जाएगा। इस दौरान मातम करते हुए कर्बला तालकटोरा पहुंचकर अलम बढ़ाए जाएंगे। चेहल्लुम के मद्देनजर हुसैनाबाद व संबद्ध ट्रस्ट के अधीन आने वाले चार पर्यटन स्थल पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे। एडीएम पूर्वी महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बड़ा इमामबाड़ा स्थित भूलभुलैया और बाउली, छोटा इमामबाड़ा स्थित शाही हमाम, सतखंडा तथा पिक्चर गैलरी मंगलवार को पूरे दिन बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट प्रशासन ने धार्मिक आयोजनों और व्यवस्थाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया है।