लखनऊ। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की ओर से रविवार को गोमतीनगर के एल्डिको ग्रीन में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) शुल्क का विरोध किया। कहा कि इस प्रकार के अतिरिक्त शुल्क से खुदरा एवं थोक दोनों वर्ग के व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने कहा कि देश में छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक करोड़ों लोग यूपीआई से भुगतान स्वीकार कर रहे हैं। लेनदेन पर शुल्क लगाने से व्यापारियों के साथ उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल की ओर से व्यापारियों की माध्यम से यूपीआई पर प्रस्तावित एमडीआर शुल्क वापस लेने की मांग संबंधी प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपने-अपने जिलों में सांसदों को सौंपे जाएंगे। बैठक में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता, सुनील पांडेय, लखनऊ चेयरमैन सुमेर अग्रवाल, अध्यक्ष अमरनाथ अग्रवाल, महामंत्री योगेंद्र सिंह, संगठन मंत्री श्याम मिश्रा, उपाध्यक्ष अमरीश अग्रवाल, मंत्री विवेक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।