सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव
- फोटो : amar ujala
समाजवादी पार्टी ने संगठन का पुनर्गठन प्रारंभ कर दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति से प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बुधवार को तीन प्रकोष्ठों के अध्यक्ष बदल दिए। एक प्रकोष्ठ में नई तैनाती की गई है। निकाय चुनाव में खराब प्रदर्शन के चलते मेरठ व अलीगढ़ महानगर के संगठन पर गाज गिरी है। दोनों जगह नए अध्यक्ष बनाए गए हैं।
समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष फिदा हुसैन अंसारी को हटाकर उनकी जगह पूर्व मंत्री पीलीभीत निवासी रियाज अहमद को प्रदेश अध्यक्ष नामित किया गया है। रियाज पीलीभीत से पिछला चुनाव हार गए थे। वह पांच बार विधायक रहे हैं।
समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हरिद्वार सिंह की जगह इलाहाबाद के डॉ. मान सिंह यादव को नियुक्त किया गया है। इसी तरह समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ में जैदपुर (गाजीपुर) के विधायक सुभाष पासी के स्थान पर सर्वेश अंबेडकर को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के रिक्त पद पर इटावा के दयाराम प्रजापति को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदिल मेरठ, जावेद अलीगढ़ महानगर अध्यक्ष
नरेश उत्तम पटेल ने अलीगढ़ एवं मेरठ महानगर संगठन का पुनर्गठन कर दिया गया हैं। अलीगढ़ में जावेद और मेरठ में आदिल चौधरी महानगर अध्यक्ष होंगे। आदिल पहले भी इस पद पर रह चुके हैं। माना जा रहा है कि इन दोनों महानगरों में नगरीय निकाय चुनावों में सपा के खराब प्रदर्शन की गाज संगठन पर गिरी है। दोनों ही ही स्थानों पर मेयर पद पर सपा तीसरे नंबर पर रही है। मेरठ व अलीगढ़ में बसपा के मेयर विजयी हुए हैं।