तीन मार्च को अमेठी आ रहे प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दो कार्यक्रमों में से एक निरस्त हो गया है। पहले उनका कार्यक्रम कोरवा स्थित ऑर्डेनेंस फैक्टरी में अत्याधुनिक असॉल्ट राइफल एके-103 के निर्माण की नई यूनिट की आधारशिला रखना और बाद में कौहार में जनसभा को संबोधित करने का था। पीएम अब सिर्फ कौहार में आयोजित कार्यक्रम में ही हिस्सा लेंगे।
पीएम यहां सभी योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएमओ से इस संबंध में मिली मौखिक सूचना के बाद प्रशासनिक अमले की तैयारियां तेज हो गई हैं। सूत्रों की मानें तो मंगलवार देर शाम पीएमओ के बड़े अधिकारी ने जिलाधिकारी से बात की। पीएमओ के अधिकारी ने डीएम को बताया कि पीएम जिले में दो स्थानों पर नहीं बल्कि एक ही स्थान कौहार ही जाएंगे। इसलिए विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन के अलावा जनसभा अब सिर्फ कौहार में ही होगी। पीएमओ से मिली मौखिक सूचना के बाद जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।