लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पीएम मोदी के साथ योगाभ्यास के लिए इच्छुक प्रतिभागी को 25 मई तक फार्म भरकर सत्यापन के लिए सीडीओ के समक्ष उपलब्ध कराना जरूरी होगा।
यह जानकारी आयुष मंत्रालय के संयुक्त सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने मंगलवार को दी। वे मंडलायुक्त कार्यालय में मेगा योग दिवस की तैयारियों से जुड़ी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पंतजलि, गायत्री संस्थान, ब्रह्माकुमारी, मोक्षयतन, आर्ट ऑफ लिविंग, निशा फाउंडेशन, एनएसएस, एनसीसी एवं नेहरू युवा केंद्र जैसी भागीदारी करने वाली संस्थाओं के माध्यम से योग दिवस में प्रतिभागिता करने वाले के आवेदन फार्म हर संभव 25 मई तक सत्यापन के लिए सीडीओ कार्यालय उपलब्ध करा दिए जाए ताकि पीएम के साथ होने वाली योगा क्रिया की सहभागिता से पहले सभी अभ्यर्थियों से जुड़ी सुरक्षा संबंधी जांच पड़ताल समय पर पूरी हो सके।
उन्होंने कहा कि योग दिवस कार्यक्रम में प्रतिभागिता करने वालों को चिह्नित संस्थाओं के माध्यम से ही योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सेदारी का मौका मिलेगा। इसके लिए चिह्नित संस्थाओं में आवेदक को अपना पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।
आयुष मंत्रालय से प्राप्त की जा सकती है जानकारी
डेमो
- फोटो : demo pic
योग दिवस में सहभागिता से जुड़ी जानकारी चिह्नित संस्थाओं के साथ ही सीडीओ कार्यालय व क्षेत्रीय आयुष मंत्रालय से संपर्क कर प्राप्त की जा सकती है। बैठक के दौरान कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार, प्रतिभागियों के प्रशिक्षण एवं आयोजन के दिन योगा स्थल पर लगाई जाने वाली बैरीकेडिंग, एलईडी, पेयजल व्यवस्था और चिह्नित प्रतिभागियों को आयोजन स्थल तक लाने और ले जाने के साथ यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और साफ-सफाई के साथ पार्किंग से जुड़ी व्यवस्थाओं को फुल प्रूफ बनाने के लिए भी मौजूद जिम्मेदारों को निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मंडलायुक्त अनिल गर्ग, आईजी रेंज जय नारायण सिंह, सचिव आयुष प्रदेश सरकार सुधीर दीक्षित, निदेशक मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान डॉ. ईश्वर वासवा रेड्डी सहित आयोजन से जुड़े सभी विभागों व संस्थाओं से जुड़े अधिकारी व प्रतिनिधि शामिल रहे।