रायबरेली में सोमवार को बछरावां थाना क्षेत्र के कुंदनगंज के पास अतीक अहमद के भाई अशरफ के काफिले
बछरावां/ऊंचाहार/जगतपुर। माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ को सोमवार को रायबरेली के रास्ते प्रयागराज जेल ले जाया जा रहा था। इस दौरान बछरावां थाना क्षेत्र में कुंदनगंज के पास काफिले में अचानक एक सफेद कार आ गई। इससे पुलिस प्रशासन हड़बड़ा गया और कार रोककर तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। काली फिल्म निकाल कर कार का चालान भी किया गया। बताया जाता है कि कार में कुछ अधिवक्ता सवार थे। इस दौरान पुलिस की वकीलों की कहासुनी भी हुई। चालान के बाद कार को जाने दिया गया।
सोमवार को अपरान्ह 3.33 बजे काफिला लखनऊ से चुरुआ स्थित टोल को क्राॅस करके बछरावां, रायबरेली और ऊंचाहार होते हुए प्रयागराज को रवाना हुआ। रास्ते में सुरक्षा को लेकर सुबह ही कड़े प्रबंध किए गए थे। अचानक पीछे से एक कार काफिले के बीच आई गई। शीशे में काली फिल्म चढ़ी थी। इस पर पुलिस की नजर पड़ी तो कुंदनगंज के पास रोककर तलाशी ली गई और काली फिल्म को शीशे से हटा दिया गया। कोतवाल का कहना है कि गाड़ी प्रयागराज जिले के किसी हिमांशु के नाम है। कार में चार लोग सवार थे।
बछरावां कोतवाल नारायण कुशवाहा ने बताया कि काली फिल्म उतरवा कर गाड़ी को जाने दिया गया। काली फिल्म लगे होने के कारण गाड़ी का चालान किया गया। कार में अधिवक्ता थे या फिर और कोई, इसकी जानकारी नहीं। उधर, हरचंदपुर, मिलएरिया, शहर, भदोखर, जगतपुर थाना क्षेत्रों में होते हुए काफिला प्रतापगढ़ जिले में शाम करीब छह बजे प्रवेश किया। शांतिपूर्वक काफिले के गुजर जाने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। एसपी आलोक प्रियदर्शी का कहना है कि बिना किसी बाधा के अशरफ को बरेली से प्रयागराज ले जाया गया।