चिनहट। बीबीडी इलाके में नौ जून की रात ग्राहक बनकर आए बदमाशों ने सेवानिवृत्त सहायक समीक्षा अधिकारी रामचंद्र सिंह से सोने की चेन लूट ली। इस घटना में उनके गले पर भी चोट लगी। घटना के छह दिन बाद रविवार को बीबीडी पुलिस ने लूट की एफआईआर दर्ज की है।
यह घटना सराय शेख स्थित शिव नगर कॉलोनी स्थित उनके मकान के सामने हुई। रामचंद्र सिंह ने बताया कि मकान में ही दुकान है। रात करीब 8:30 बजे वह टहल रहे थे। तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक बाइक पर बैठा रहा। दूसरा सिगरेट मांगने के बहाने दुकान पर आया। बातचीत के दौरान उसने उनके गले से करीब दो तोला वजनी सोने की चेन लूट ली। बदमाश अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर भाग निकला। उन्होंने और उनकी पत्नी ने करीब 500 मीटर तक पीछा किया। लेकिन तेज रफ्तार बाइक सवार बदमाश लक्ष्मणपुरवा स्थित जगन्नाथ मंदिर होते हुए बीबीडी कोतवाली की ओर भाग गए।
टरकाती रही पुलिस
घटना के तुरंत बाद रामचंद्र ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस को बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। दरोगा ने जांच का आश्वासन देकर टाल दिया। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रविवार को प्राथमिकी दर्ज हुई। इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।