केंद्रीय खुफिया एजेंसी ने उत्तर प्रदेश की खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट जारी किया है कि वे अपने फोन पर संभलकर बातें करें।
अहम जानकारियों से जुड़ी बातें फोन पर साझा न करें। बीएसएनएल के नेटवर्क में आईएसआई की सेंधमारी की आशंका के बाद यह कदम उठाया गया है।
खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि पाकिस्तान की गुप्तचर एजेंसी के लोग खुद को भारतीय अधिकारी बताकर विभिन्न सरकारी संगठनों और खुफिया एजेंसियों से जुड़ी जानकारियां निकलवा रहे हैं।
कुछ दिनों पहले गृह मंत्रालय के सामने पाकिस्तानी गुप्तचर एजेंसी द्वारा बीएसएनएल के डाटाबेस में घुसपैठ करने और अधिकारियों को फर्जी फोन करके अहम जानकारियां पूछने का मामला सामने आया था।
इसके बाद केंद्र की खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। इस संबंध में प्रदेश की भी खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।
एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी मामले से जुड़ी जानकारियों को एक दूसरे से फोन पर साझा करने से बचें, क्योंकि कोई भी फर्जी नाम से फोन करके जानकारियां मांग सकता है।