कैबिनेट मंत्री सिद्घार्थ नाथ सिंह
- फोटो : amar ujala
यूपी को एक और तोहफा देते हुए केंद्र सरकार ने ग्रेटर नोएडा के जेवर एयरपोर्ट को क्लियरेंस दे दी है। लखनऊ में एनेक्सी भवन में प्रेस कांफ्रेंस कर कैबिनेट मंत्री सिद्घार्थ नाथ सिंह व नंद गोपाल नंदी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अब बिडिंग की जाएगी। इसे पीपीपी मॉडल पर बनाया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इससे प्रदेश में 15 से 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा। मथुरा व आगरा नजदीक होने से पर्यटन में भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे जेवर एयरपोर्ट कार्गो हब बनेगा।
उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के निर्माण के लिए तीन हजार हेक्टेअर जमीन को चिन्हित किया जा चुका है। पहले चरण में जमीन अधिकग्रहण के लिए करीब दो हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा। जिसके लिए यमुना एक्सप्रेस वे से जमीन ली जाएगी।
उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के निर्माण पर 2003 से ही बात हो रही है पर यूपी में सपा-बसपा सरकारों की उदासीनता से इसमें तेजी नहीं आ पाई। प्रदेश में आगरा हवाई पट्टी को बढ़ाने के साथ ही इलाहाबाद व गोरखपुर में भी एयरपोर्ट बनेगा। कुशीनगर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण पर पहले ही निर्णय लिया जा चुका है।
वहीं, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने बताया कि दिल्ली के इंदिरागांधी एयरपोर्ट पर लगातार भीड़ बढ़ रही थी जिससे कि ग्रेटर नोएडा में एक एयरपोर्ट की जरूरत थी। सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी। उन्होंने बताया कि हमनें केंद्रीय एविएशन मंत्री से मुलाकात की उन्होंने इस पर अपनी सहमति दे दी।