लखनऊ। लखनऊ सीमेंट डीलर्स एसोसिएशन ने व्यापार में आ रहीं समस्याओं के निदान के लिए गोमतीनगर स्थित मेट्रोपोलिटन क्लब में पदाधिकारियों के साथ बैठक की। शनिवार शाम हुई बैठक में व्यापारियों ने मुख्य रूप से जीएसटी व आयकर की व्यवस्था पर पीड़ा जताई। साथ ही नकली सीमेंट पर सचेत रहने की एडवाइजरी भी जारी की।
प्रदेश अध्यक्ष श्याममूर्ति गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में लखनऊ इकाई के अध्यक्ष अभिषेक मंसानी ने कहा कि बड़ी कंपनियों की ओर से नान ट्रेडर्स को नियंत्रित किया जाएगा। रिटेलर जो डीलर्स के पैसे रोककर दूसरे डीलर या कंपनी के साथ काम कर रहे हैं, उनकी पहचान की जाएगी। पेमेंट न मिलने पर उन्हें ब्लैक लिस्टेड करने का प्रस्ताव रखा।
वरिष्ठ महामंत्री जिम्मी गर्ग ने नकली सीमेंट पर ध्यान देने का प्रस्ताव रखा। कहा कि एक प्रतिशत सीमेंट व्यापार में लाभ पर 28 प्रतिशत जीएसटी व 33 प्रतिशत आयकर से व्यापार गर्त में जा रहा है। इस दौरान आकाश हुजा, केएम गिरी, मनीष लड़कानी, मनोज सिंह, अर्पित जैन, मनीष यादव, जीवन जोत सिंह , मुदस्सर भाई, ज्ञानेंद्र अवस्थी, मयंक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।