धनतेरस पर महंगाई फुस्स हो गई। राजधानी के बाजारों में सुबह से उमड़े लोगों ने देर रात तक जमकर खरीदारी की।
आभूषण, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों के शोरूम,शॉपिंग मॉल्स खचाखच भरे। रोशनी से जगमग तमाम बड़ी बाजारों में देर रात तक जाम लगा रहा।
अहियागंज में बर्तनों, कपड़ों की दुकानों के बाद सबसे ज्यादा भीड़ मिठाई और गिफ्ट शॉप में देखी गई।
घंटों बाद मिले सेल्समैन
धनतेरस के दिन ग्राहकों का इस्तकबाल करने के लिए दुकानदारों ने सुबह से तैयारी की थी। हालांकि दोपहर बाद ऐसी भीड़ उमड़ी की लोगों को अपने मनपसंद सामान की खरीदारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
वहीं,सड़क पर सजी दुकानों से भी सामान छांटने और खरीदने में खूब समय लगा। सबसे ज्यादा इंतजार लोगों को शहर के नामी गिरामी ज्वैलर्स की दुकानों पर करना पड़ा।
गोमतीनगर की अपराजिता ने बताया कि दुकान में भारी भीड़ होने के कारण उन्हें दो घंटे से भी अधिक समय लग गया। डालीगंज की लइया मंडी से बाबूगंज तक भीड़ रही।
सड़क पर कारें ही कारें
शहर की शायद ही ऐसी कोई सड़क बची हो,जहां से लाल-नीले,पीले-गुलाबी, सफेद गुब्बारों, फूल मालाओं और टीके से सजी गाड़ियां न गुजरी हों।
शहर के कार व बाइकों के शोरूम पर सुबह से ही डिलीवरी लेने वालों की भीड़ रही। गाड़ियों के साथ शोरूम में भी सजावट की गई थी।
1100 की दक्षिणा
शोरूम के पास मालाएं भी दो-तीन गुना रेट में बिकीं। गुलाब-गेंदे की बड़ी माला के लिये सौ रुपये तक लोगों ने चुकाए। वहीं,पंडितों ने भी जजमान से खूब दक्षिणा ली।
हजरतगंज क्षेत्र में एक शोरूम से कार की डिलीवरी लेने आए महानगर के विमलेश ने मंदिर में पुजारी से कार की पूजा कराने के बाद 1101 रुपये की दक्षिणा चुकाई।
बाइक के लिए 500 रुपये तक की दक्षिणा चली। दिन भर हनुमान सेतु के पास चमचमाती कारों की कतारें लगी रहीं।