सीडीओ के निरीक्षण में कुछ ऐसा मिला परशुरामपुर गौशाला का हाल।
श्रावस्ती। हरिहरपुर रानी क्षेत्र के ग्राम परशुरामपुर में बनी अस्थायी गोशाला का सीडीओ अनुभव सिंह ने बुधवार शाम निरीक्षण किया। इस दौरान उजागर हुईं खामियाें पर नाराजगी जाहिर करते उन्होंने बीडीओ को संबंधितों से जवाब मांगने का निर्देश दिया।
सीडीओ को निरीक्षण के दौरान गोशाला में मौजूद 116 में एक गोवंश बीमार मिला। उन्होंने सीवीओ को तत्काल इलाज करने का निर्देश दिया। वहीं पशुओं के लिए हरा चारा न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने बीडीओ को निर्देश दिया कि ग्राम प्रधान व सचिव से स्पष्टीकरण लेकर प्रस्तुत करें। गोशाला में जलनिकासी न होने से चारों ओर कीचड़ व गोबर फैला था। इससे पशुओं के बीमार होने की आशंका थी। उन्होंने अभियान चलाकर सफाई करने का निर्देश दिया। संचारी अभियान चलने के बाद भी आसपास फैली गंदगी के कारण डीपीआरओ को सफाई टीम को कारण बताओ नोटिस देने का निर्देश दिया। साथ ही निगरानी टीम बनाकर लगातार मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश दिया।
वहीं सीवीओ डॉ. मानव ने खजुहा झुनझुनिया स्थित गोशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान पशुओं को हरा चारा न मिलने पर नाराजगी जताई। साथ ही ग्राम प्रधान को चारागाह की भूमि पर नेपियर घास लगाने का निर्देश दिया। पशु चिकित्साधिकारी को गोशाला के सभी मवेशियों का टीकाकरण करने व पेट के कीड़े की दवा खिलाने का निर्देश दिया।