बछरावां (रायबरेली)। वंदेभारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंके जाने के मामले में सीसीटीवी फुटेज आ गई है, जिसे खंगाला जाने लगा है। अब तक हुई छानबीन में पत्थर फेंकने वाले का कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही घटनास्थल और आसपास के गांवों में रेलवे सुरक्षा बल के साथ गोपनीय स्तर पर एजेंसियां भी पड़ताल कर रही है, ताकि घटना का जल्द खुलासा किया जा सके।
लखनऊ से रायबरेली की ओर जाते समय सोमवार को वंदेभारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंका गया था, जिससे ट्रेन के एसी कोच का शीशा चटक गया था। घटना की जानकारी होते ही छानबीन शुरू कर दी गई ती। केस दर्ज होने के बाद मंगलवार को सुबह विवेचक को गोरखपुर कंट्रोल रूम भेज दिया गया था, ताकि वहां से ट्रेन में लगे 56 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मंगाई जा सके। सीसीटीवी फुटेज आई तो बुधवार को उसे खंगालने का काम शुरू कर दिया गया। मार्च महीने में भी बछरावां और श्रीराज नगर स्टेशनों के बीच नीम टीकर गांव में पत्थर फेंके जाने की घटना हुई थी। सीसीटीवी फुटेज से चिन्हित किए गए तीन किशोरों को पकड़ा गया था।
इस बार घटना बछरावां और कुंदनगंज स्टेशनों के बीच कन्नावां गांव के निकट घटी है। इस बार भी सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया जा रहा है। हालांकि सीसीटीवी फुटेज की अब तक हुई पड़ताल में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पत्थर चलाता हुआ कोई नहीं दिखा। सिर्फ एक व्यक्ति काफी दूर जाता हुआ नजर आया है। हालांकि सीसीटीवी फुटेज को गहराई से खंगाला जा रहा है। साथ ही कई एजेंसियां भी गोपनीय स्तर पर जांच कर रही है।
बछरावां स्टेशन के चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार ने बताया कि पत्थर फेंके जाने की घटना की जांच चल रही है। अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है, लेकिन जल्दी ही पत्थर फेंकने वाले का पता लगा लेंगे।