लोकबंधु अस्पताल में आग लगने के मामले में जांच की जा रही है। सिगरेट या बीड़ी से आग लगने की आशंका पर अस्पताल प्रशासन यह जाने की कोशिश में जुटा है कि किस तीमारदार या कर्मचारी ने शौचालय में सिगरेट या बीड़ी पीकर फेंकी थी।
राजधानी लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में बीड़ी या सिगरेट से आग लगने की आशंका की बात सामने आने पर अब परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। कैमरे की पड़ताल में बीड़ी या सिगरेट वाले की शिनाख्त होगी। वहीं, अस्पताल में फायर के नोडल को लेकर भी संशय बना हुआ है।
विज्ञापन
विद्युत सुरक्षा निदेशालय की जांच रिपोर्ट में साफ है कि आग शॉर्ट सर्किट से नहीं, बल्कि सिगरेट या बीड़ी की वजह से शौचालय में लगी। इस खुलासे के बाद अब अस्पताल प्रशासन ने परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन यह जाने की कोशिश में जुटा है कि किस तीमारदार या कर्मचारी ने शौचालय में सिगरेट या बीड़ी पीकर फेंकी थी।
फायर नोडल पर संशय बरकरार
अस्पताल परिसर में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इनमें से करीब आठ कैमरे तीसरे तल पर हैं। लोकबंधु में फायर सेफ्टी के नोडल को लेकर संशय बना हुआ है। अफसर यह नहीं बता पा रहे हैं कि वर्तमान में उनके अस्पताल परिसर की फायर सेफ्टी और निगरानी के लिए कौन नोडल बनाया गया है।
सात जून 2024 को लोकबंधु निदेशक की ओर से विभिन्न वार्ड, सफाई, सुरक्षा को लेकर नोडल की तैनाती की गई थी, लेकिन उसमें फायर सेफ्टी नोडल का जिक्र नहीं किया गया है। निदेशक, सीएमएस और एमएस से फायर सेफ्टी के नोडल की जानकारी मांगी गई तो कोई भी अफसर साफ जानकारी नहीं दे सका।