सीबीआई बदायूं में दो नाबालिग बहनों से दुराचार के बाद उनकी हत्या किए जाने के मामले में जल्द जांच शुरू कर देगी। सीबीआई मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। एजेंसी ने प्रदेश पुलिस से सभी जरूरी दस्तावेज प्राप्त कर लिए हैं।
बदायूं मामले की सीबीआई से जांच कराए जाने के राज्य सरकार के आग्रह पर कार्मिक व प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने सीबीआई से सहमति लेने के बाद अधिसूचना जारी कर दी है।
सीबीआई ने भी डीओपीटी से पत्र मिलने के बाद जांच दल का गठन कर लिया था। लेकिन औपचारिक रूप से मुकदमा नहीं दर्ज किया था। अब सीबीआई मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है।
यूपी पुलिस भी करेगी जांच
यह मुकदमा सीबीआई के दिल्ली स्थित मुख्यालय में दर्ज किया जाना है। वहीं सीबीआई ने यूपी पुलिस को भी जांच करने के लिए अपनी सहमति दे दी है।
सूत्रों का कहना है कि सीबीआई ने यूपी पुलिस से बदायूं मामले में जरूरी दस्तावेज मांग लिए हैं।
इसमें एफआईआर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कापी, विवेचक की केस डायरी में दर्ज विवरण, घटना के सिलसिले में लिए गए बयान, फोरेंसिक एक्सपर्ट की रिपोर्ट आदि शामिल है।
पुलिसकर्मियों से भी होगी पूछताछ
सीबीआई जांच दल के कुछ सदस्य जल्द ही घटनास्थल का दौरा करेंगे। इस दौरान विवेचना से जुड़े पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ करेगी।
साथ ही मौके पर जांच करने गए विशेषज्ञों से भी सीबीआई बात करेगी। सूत्रों की मानें तो सीबीआई पीड़ित पक्ष से पूछताछ करने के साथ ही आरोपी पक्ष का भी बयान लेगी।
गौरतलब है कि पुलिस ने भी बदायूं मामले को मोड़ देने की कोशिश की थी। किशोरियों के रेप और हत्या पर डीजीपी ने कहा था कि हत्या की वजह ऑनर किलिंग या सम्पत्ति विवाद कुद भी हो सकती है। डीजीपी के बयान पर उनकी तीखी आलोचना की हुई थी।