मुन्ना बजरंगी हत्याकांड में सीबीआई लखनऊ की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने न्यायालय के निर्देश पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीबीआई की एक टीम आज बागपत जेल का दौरा कर सकती है।
जानकारी के अनुसार सीबीआई ने बागपत जिले के खेकड़ा थाने में दर्ज एफआईआर को अपनी एफआईआर का आधार बनाया है। सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर में सुनील राठी को नामजद किया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस मामले में 25 फरवरी को सीबीआई से जांच कराए जाने का आदेश दिया था। इस आदेश के बाद अब सीबीआई ने मुकदमा दर्ज कर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में एक टीम गठित कर बागपत के लिए रवाना कर दी गई है जो रविवार को वहां पहुंचकर मौका मुआयना करेगी।
बता दें कि मुन्ना बजरंगी को दिल्ली में पेशी के लिए झांसी जेल से लाया गया था और अस्थाई रूप से बागपत जेल की हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया था। 9 जुलाई को सुबह सवा 6 बजे बैरक के बाहर आजीवन कारावास की सजा काट रहे सुनील राठी ने उसे गोलियों से छलनी कर दिया था। जेल के अंदर से 10 खोखे 7.62 बोर के और 17 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।
मुन्ना बजरंगी को तंहाई सेल में बैरक संख्या एक में विक्की सुनहरा के साथ रखा गया था। जबकि बैरक संख्या 10 में कुख्यात अपराधी सुनील राठी बंद था। मुन्ना बजरंगी की हत्या की शंका परिजनों ने दस दिन पहले ही जता दी थी। मुन्ना की पत्नी सीमा और उनके वकील विकास ने लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर पुलिस और सफेदपोश के गठजोड़ से मुन्ना की हत्या की आशंका व्यक्त की गई थी।