रायबरेली। सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस से बृहस्पतिवार को दो स्थानों पर मवेशियों के चपेट में आने की घटना हुई। इस कारण ट्रेन को रोका गया। इस ट्रेन के इंतजार में गंगा गोमती एक्सप्रेस भी खड़ी रही। दोनों ट्रेनें करीब पौन घंटे प्रभावित रहीं। इससे यात्रियों को परेशानी हुई।
नौचंदी एक्सप्रेस रायबरेली स्टेशन पर करीब एक घंटे विलंब से पहुंची, जिसे कुछ देर बाद रवाना किया गया। दरियापुर स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले मुंशीगंज क्रॉसिंग के निकट मवेशी चपेट में आ गए। इससे ट्रेन वहीं रुकी रही, फिर दरियापुर स्टेशन पर कुछ देर रोका गया। दरियापुर से यह गाड़ी आगे बढ़ी तो लक्ष्मणपुर पहुंचने से पहले फिर मवेशी चपेट में आ गए। इससे नौचंदी ट्रेन को फिर रोकना पड़ा। इसकी वजह से नौचंदी एक्सप्रेस लक्ष्मणपुर स्टेशन पहुंची तो पौने दो घंटे लेट हो गई। ऊंचाहार में भी नौचंदी एक्सप्रेस को देर तक रोका गया।
नौचंदी के इंतजार में ही प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली गंगा गोमती एक्सप्रेस पौन घंटे तक लक्ष्मणपुर स्टेशन पर खड़ी रही। इससे गंगा गोमती ट्रेन रायबरेली स्टेशन पर करीब एक घंटे देर से पहुंची। दरियापुर के स्टेशन अधीक्षक शील कुमार ने बताया कि मवेशियों के चपेट में आने के कारण नौचंदी एक्सप्रेस प्रभावित रही, जिसकी वजह से गंगा गोमती एक्सप्रेस भी रोकनी पड़ी।
जम्मू से आने वाली अर्चना ढाई घंटे लेट
रायबरेली। जम्मू तवी से पटना जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को ढाई घंटे विलंब से पहुंची, जबकि प्रयागराज से चंडीगढ़ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस दो घंटे, हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल सवा घंटे देर से आई। बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, देहरादून-बनारस जनता मेल, चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस, लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे, दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस, लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर पौन घंटे और प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस आधे घंटे देर से आई।
बुधवार को देर रात प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर पौने तीन घंटे, बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस दो घंटे, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे, प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस व कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे विलंब से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि सभी ट्रेनें पिछले स्टेशनों से लेट होने के कारण देर से आई हैं। (संवाद)