तेलीबाग। पीजीआई के वृंदावन कॉलोनी सेक्टर-18 स्थित संस्कृति मार्ट सुपर मार्केट की संचालिका बिंदु देवी ने कैशियर पर एक साल में सात लाख रुपये के गबन का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
बिंदु ने बताया कि कुछ साल पहले उन्होंने कुशीनगर के जगदीशपुर निवासी आशीष कुमार को कैशियर के पद पर रखा था। चार मार्च को जब उन्होंने अपना बैंक स्टेटमेंट देखा तो दंग रह गईं। बिंदु ने बताया कि तीन मार्च को उनकी 36 हजार 343 रुपये की बिक्री हुई थी जबकि कैशियर ने सिर्फ 24 हजार की सेल दिखाई। शक होने पर जब उन्होंने आठ अप्रैल 2025 से पांच मार्च 2026 तक का स्टेटमेंट देखा तो पता चला कि आशीष ने एक साल में सेल के सात लाख रुपये का गबन कर लिया। पीड़िता का आरोप है कि पांच मार्च को जब उन्होंने आरोपी से पूछताछ करने की कोशिश की तो वह गाली-गलौज करने लगा और धमकाते हुए वहां से भाग निकला। आरोपी ने अपना मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया। इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।