लखनऊ। चिनहट के जुग्गौर स्थित विद्या विहार कॉलोनी में रविवार की रात चोर दो घरों से लाखों रुपये के जेवरात व नकदी उठा ले गए। पीड़ितों ने मंगलवार को थाने में तहरीर दी है।
विद्या विहार कॉलोनी निवासी विपिन कुमार वर्मा के अनुसार, वह रविवार सुबह चाचा की बेटी की शादी में शामिल होने पैतृक गांव खेड़ादास, हरैया (बस्ती) गए थे। मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। कमरों में सामान बिखरा था और अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। अलमारी में रखे करीब 35 हजार रुपये नकद, सोने का लॉकेट, दो अंगूठियां, नाक की नथनी और पायल गायब थी।
इसी रात परिवार के ही विजय कुमार वर्मा के घर का भी ताला तोड़कर चोर अलमारी में रखा कान का बाला, सोने की चेन, अंगूठी, लैपटॉप, टैबलेट और मोबाइल फोन उठा लगे गए। बाद में छानबीन कने पर लैपटॉप, टैबलेट और मोबाइल छत पर पर मिले। अतिरिक्त इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।