लखनऊ। कृष्णानगर थाना क्षेत्र में स्थित एक बैंक की शाखा में तैनात अधिकारी पर 45 करोड़ रुपये गबन करने का आरोप लगा है। इसकी शिकायत एक खाताधारक ने की थी जिसके बाद यह फर्जीवाड़ा सामने आया। बैंक के आरोपी अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। वहीं केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर महेश दुबे के मुताबिक, एलडीए कॉलोनी स्थित सिंडिकेट बैंक की शाखा जो अब केनरा बैंक में समाहित हो गई है। केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय प्रमुख मनोज कुमार मीणा के मुताबिक, 29 जनवरी को बैंक के एक ग्राहक ने उसके खाते में जमा की गई रकम न मिलने की शिकायत की थी। जांच में 45 करोड़ की वित्तीय अनियमितता पाई गई। पड़ताल में बैंक अधिकारी अखिलेश कुमार जो पुरानी लेबर कॉलोनी ऐशबाग में रहते हैं। उन्होंने ही यह फर्जीवाड़ा किया। इसके पहले भी वह वित्तीय अनियमितता के आरोप में निलंबित हो चुके हैं। बैंक के असिस्टेंट मैनेजर ने थाने में केस दर्ज करा आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है।