तीन महिलाओं समेत सात लोगों पर केस
खरगूपुर गोंडा। आपसी विवाद को लेकर अलग-अलग मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। मामले में तीन महिलाओं समेत सात लोगों के खिलाफ थाना खरगूपुर में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना क्षेत्र के परसौरा महेशपुर गांव की रहने वाली सूर्यकांती पत्नी सूर्यलाल ने बताया कि उनके घर में रविवार की सुबह पड़ोसी आजाद का पालतू कुत्ता उसके घर में घुस आया, जब उसने आजाद के बेटे प्रदीप व राकेश से शिकायत की तो आजाद की बेटी पूजा, नेतम व उसकी पत्नी छर्रा ने लाठी डंडे मारपीट कर उसे घायल कर दिया। दूसरी घटना में लोनावा दरगाह के मजरे अलीनगर निवासी बाबू रजा की गाय इसी गांव के रहने वाले लाल मोहम्मद के दरवाजे पर चली आयी। इसी को लेकर लाल मोहम्मद के बेटे नूरानी, अच्छू व तसव्वर अली ने मिलकर बाबूरजा के भाई शहीद रजा को लाठी डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। थानाध्यक्षष संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों मामलों में तीन महिलाओं समेत सात लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।