लखनऊ। सरोजनीनगर सीएचसी से रेफर किए गए मासूम को एंबुलेंस न मिलने से हुई मौत मामले में रविवार को सीएमओ के निर्देश पर एंबुलेंस 108 पर एफआईआर दर्ज कराई गई। सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल का कहना है सीएचसी प्रभारी से भी मामले की रिपोर्ट तलब की गई है। जांच में डॉक्टर की गैर मौजूदगी की बात सामने आई तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
पारा जलालपुर निवासी सोनू की पत्नी बेटे आयुष (4) को स्कूटी पर लेकर शुक्रवार शाम सरोजनीनगर गई थी। इस दौरान हादसे में मां-बेटे जख्मी हो गए। आरोप है कि सरोजनीनगर सीएचसी में तीन घंटे तक बच्चे को इलाज नहीं मिला। इसके बाद डॉक्टर आईं तो बच्चे की हालत गंभीर बताकर ट्रॉमा रेफर कर दिया। ट्रॉमा ले जाने के लिए 108 पर कॉल किया गया मगर एंबुलेंस नहीं आई। पिता का आरोप है कि इलाज में देरी व एंबुलेंस न मिलने से बच्चेे की मौत हो गई।
जून में हुई थी 108 पर एफआईआर
बीते जून में ही युवती नेहा सिंह को सीएचसी से बलरामपुर अस्पताल ले जाने के लिए 108 पर कॉल की गई थी मगर वह नहीं आई थी। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई थी। सीएमओ ने इस मामले में डॉक्टर के जरिये 108 पर एफआईआर दर्ज कराई थी।