लखनऊ में हुसैनगंज कोतवाली के दरोगा कौशलेंद्र व सिपाही कमलेश के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कर दोनों को लाइन हाजिर कर दिया गया। दोनों बीती 30 मई की रात एक मामले में दबिश देने गए थे, जहां महिला ने उन पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मामले की शिकायत आला अधिकारियों से की गई जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। हजरतगंज के क्षेत्राधिकारी अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर दरोगा-सिपाही के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मकान मालिक और किरायेदार के विवाद की शिकायत पर दरोगा कौशलेंद्र व सिपाही कमलेश मौके पर छानबीन करने गए थे। वहां किरायेदार युवती ने दरोगा-सिपाही पर अपनी मां से अभद्रता का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
युवती का कहना था कि दरोगा-सिपाही की हरकतों का विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की। उसके कपड़े फाड़ दिए। यही नहीं उसे व मां को कोतवाली ले जाकर पुरुषों के हवालात में बंद कर दिया। अगले दिन दोनों को छोड़ा गया। युवती ने दरोगा-सिपाही के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने अधिकारियों से संपर्क किया।