लखनऊ। पीजीआई की वृंदावन कॉलोनी सेक्टर ए निवासी हेमंत कुमार राय ने कानपुर की लक्ष्मी रतन कॉलोनी में रहने वाली मॉडल दिशा बाजपेयी व संजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराया है। हेमंत के मुताबिक उनकी कंपनी गानों की शूटिंग कर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर रिलीज करती है। वर्ष 2023 में उन्हें एक मॉडल की तलाश थी। संजय सिंह ने दिशा से मुलाकात कराई थी। दिशा ने आश्वासन दिया था कि वह प्रोडक्शन हाउस में काम करने के दौरान किसी अन्य कंपनी में काम नहीं करेंगी। इस बीच हेमंत ने एक गाने की शूटिंग कराई, जिसका भुगतान भी दिया। साथ ही दिशा को कंपनी का कार्यवाहक निदेशक बना दिया। हेमंत का आरोप है कि दिशा ने फ्लैट के नाम पर एक करोड़ 53 लाख रुपये लिए थे। फिर 47 लाख रुपये और ले लिए। हेमंत का आरोप है कि 20 दिसंबर 2023 को दिशा के गाने की शूटिंग थी मगर वह बहाना बनाकर कहीं और चली गईं। रकम का तगादा करने पर दिशा व संजय ने फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीजीआई इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।