राजधानी लखनऊ में गोमती नगर थाना पुलिस ने डायरेक्टर समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की है। जालौन के चौधरियाना निवासी शरद कुमार पिपरैचा से शाइन सिटी के डायरेक्टर पर जमीन के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप है।
शरद के मुताबिक छह साल पहले उन्हें लखनऊ में मकान खरीदना था। इस पर उनके आशियाना निवासी परिचित राकेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि उनकी शाइन सिटी कंपनी के डायरेक्टर राशिद नसीम व कर्मचारियों से अच्छे संबंध हैं। वह उन्हें मकान के लिए अच्छी जमीन दिला सकते हैं।
पीड़ित ने भुगतान कर दिया
झांसे में आने पर शरद परिचित के साथ विपुलखंड स्थित कंपनी के दफ्तर पहुंचे। यहां उनकी मुलाकात राशिद से हुई। उसने व कर्मचारी राहुल ने शरद को मोहनलालगंज के गांव हलुवापुर में जमीन दिखाई। सौदा लाखों में तय हुआ, जिसका भुगतान पीड़ित ने कर दिया।
शरद ने दबाव बनाया तो राहुल ने पीट दिया
शरद जब दाखिल खारिज के लिए आवेदन करने मोहनलालगंज तहसील पहुंचे तो पता चला कि कंपनी ने जो जमीन बेची है कोर्ट उस पर पहले ही रोक लगा चुकी है। पीड़ित ने जब कर्मचारी राहुल शर्मा से बात की तो उसने खुद से दो माह में दालिख खारिज कराने का आश्वासन देते हुए 10 हजार ऐंठ लिए। समय बीतने पर दाखिल खारिज नहीं होने पर शरद ने दबाव बनाया तो राहुल ने उन्हें पीट दिया।
अन्य लोगों से भी लाखों की ठगी
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हीं की तरह अन्य लोगों से भी लाखों की ठगी की है। शरद का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने गोमतीनगर पुलिस से शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में उन्होंने कोर्ट की शरण ली। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक डायरेक्टर राशिद नसीम, राकेश और राहुल पर केस दर्ज किया गया है।