लखनऊ। करोड़ों रुपये की ठगी कर भागी अनी बुलियन कंपनी के खिलाफ गोमतीनगर थाने में 23 लाख रुपये हड़पने का केस दर्ज किया गया है। इस मामले में कंपनी के 12 लोगों को नामजद किया गया है।
इटावा के पक्का तालाब बजरिया निवासी अशोक कुमार सिंह आर्य ने गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि उनकी पत्नी नीता की मौसेरी बहन आईएफएस निहारिका सिंह के पति अजीत कुमार गुप्ता अनी बुलियन कंपनी चलाते थे। वर्ष 2019 में अजीत ने अनी बुलियन कंपनी में निवेश पर 20 प्रतिशत ब्याज देने की बात कही थी। अजीत की बातों में आकर अशोक विराटखंड-2 स्थित कंपनी के ऑफिस पहुंचे।
वहां उन्होंने दो लाख, उनकी बेटी अचला ने 17 लाख, भतीजे अतुल कुमार वर्मा ने दो लाख और भांजे योगेंद्र कुमार वर्मा ने 2.05 लाख रुपये कंपनी में निवेश कर दिए। आरोपियों ने आई विजन इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड नाम से प्रमाणपत्र दिया था। निर्धारित अवधि पूरी होने पर अशोक ने संपर्क किया तो अजीत और कंपनी के अन्य निदेशक टालमटोल करते रहे।
इस पर अशोक ने डीसीपी पूर्वी आशीष श्रीवास्तव से मिलकर शिकायत की। डीसीपी के आदेश पर गोमतीनगर पुलिस ने अजीत कुमार गुप्ता, संतोष कुमार गुप्ता, अंजनी कुमार कौशल, शिवकुमार गोस्वामी, धर्मेंद्र कौशल, अजय उपाध्याय, मंजू कौशल, वासुदेव गोस्वामी, आशीष तिवारी, ओमशंकर कौशल, नीलम कौशल और धरनीधर उपाध्याय के खिलाफ बृहस्पतिवार को केस दर्ज किया गया है।