सचिवालय के पूर्व समीक्षा और अनुभाग अधिकारी पर फाइल गायब करने का केस
लखनऊ। सचिवालय बहुखंडीय भवन कक्ष संख्या सात के अनुभाग अधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने पूर्व समीक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार राय और अनुभाग अधिकारी विनोद कुमार सिंह के खिलाफ हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। दोनों अफसरों पर राजकीय पॉलीटेक्निक कानपुर के प्रधानाचार्य के अनिवार्य सेवानिवृत्ति से जुड़ीं पत्रावलियां सचिवालय से गायब करने का आरोप है।
आलोक के मुताबिक प्राविधिक शिक्षा विभाग (डिप्लोमा सेक्टर) में तैनात रहे अक्षयवट सिंह कानपुर राजकीय पॉलीटेक्निक में प्रधानाचार्य थे। 15 जून 2001 में उन्हें अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी गई थी। मामले में पूर्व प्रधानाचार्य ने कोर्ट में मुकदमा दायर किया था। कोर्ट में 2013 से 2018 में हुई सुनवाई के दौरान मामले से संबंधित पत्रावलियां पेश की गई थीं। पर अनिवार्य सेवानिवृत्ति से जुड़े आदेश की पत्रावलियां नहीं पेश की जा सकीं। सचिवालय में पत्रावलियों को काफी खोजा गया, पर मामला सिफर रहा।
ई ऑफिस पोर्टल पर जब देखा गया तो उसमें भी पत्रावलियां आधी अधूरी अपलोड थीं। अनुभाग अधिकारी ने बताया कि जब पत्रावलियां सचिवालय में रखी गई थीं तो उस दौरान नरेंद्र समीक्षा अधिकारी और विनोद अनुभाग अधिकारी थे। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है।