लखनऊ में महानगर के भीखमपुर में मंगलवार रात बिना मास्क लगाए घूम रहे युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस से बदसलूकी करने लगे। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने युवकों को पकड़ना शुरू किया तो मौका देखकर दो भाग गए।
पुलिस ने सभी युवकों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वही इंदिरानगर और महानगर थाना क्षेत्र में दो दुकानदारों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक महानगर यशकांत सिंह ने बताया, मंगलवार रात करीब 8 बजे पुलिस टीम भीखमपुर में गश्त कर रही थी। इस दौरान बंधे पर कई युवक बातचीत करते दिखे।
युवकों ने मास्क भी नहीं लगाया था और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे थे। पुलिस जैसे ही पास पहुंची तो कुछ युवक वहां से भाग निकले जबकि पांच वहीं खड़े थे।
617 वाहनों का चालान
पुलिस ने बाहर घूमने का कारण पूछा तो बदसलूकी करने लगे। घर जाने को कहा तो पुलिस से ही भिड़ गए। जैसे ही पुलिस ने सख्ती शुरू की तो दो भाग निकले। पुलिस ने तीन युवकों को पकड़ लिया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए युवकों में दिलशाद, जीशान और साज शामिल हैं। पुलिस ने एसआई इमरान की तहरीर पर महामारी अधिनियम और लॉकडाउन उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है। माफीनामा के बाद बुधवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को निजी मुचलके पर छोड़ दिया।
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने लॉकडाउन के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए 10 मामले दर्ज किए हैं। 617 वाहनों का चालान व 11 वाहन सीज किए गए।
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे थे दुकानदार
महानगर और इंदिरा नगर पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वाले दो दुकानदारों पर मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक इंदिरानगर धनंजय पांडे ने बताया तकरोही के मायावती कॉलोनी में सागर जनरल स्टोर पर बुधवार सुबह काफी भीड़ लगी थी। पुलिस ने दुकानदार को चेतावनी दी लेकिन वह अनदेखी करता रहा।
तकरोही चौकी इंचार्ज भानु प्रताप सिंह ने दुकानदार ऋषि पर बिना मास्क सामान बेचने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं महानगर के गोपाल पुरवा में राजेंद्र जनरल स्टोर पर लोगों की भीड़ जुटी थी। दरोगा दीवान असलम खान ने लोगों को भगाया और दुकान बंद करवा दी। दरोगा की तहरीर पर दुकानदार राजकुमार गुप्ता पर केस दर्ज कर लिया गया है।
पान मसाला बेचते गिरफ्तार
आशियाना पुलिस ने सेक्टर-एच से पान मसाला बेच रहे एक युवक को दबोच लिया। प्रभारी निरीक्षक संजय राय ने बताया कि पकड़े गए युवक रज्जाक के पास से काफी मात्रा में सिगरेट, पान मसाला और तंबाकू बरामद की है। मुख्य आरक्षी बब्बन की तहरीर पर रज्जाक के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
परचून की दुकान में बिकता मिला पान मसाला, सिगरेट
आलमबाग पुलिस ने बुधवार शाम तालकटोरा रोड पर संचालित एक परचून की दुकान से पान मसाला, सिगरेट, बीड़ी बिक्री कर रहे दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया।
आलमबाग कोतवाली प्रभारी राजीव द्विवेदी ने बताया कि उपनिरीक्षक शिव नारायण सिंह ने अपने हमराही संग थाना क्षेत्र स्थित तालकटोरा रोड से एक परचून की दुकान से बिक्री के दौरान 40 पैकेट बीड़ी व 10 पैकेट पान मसाला सिगरेट बरामद किया। पकड़े गए दुकानदार सूर्य प्रताप पुत्र स्व सरजूराम निवासी तेजीखेड़ा थाना मानक नगर के खिलाफ पुलिस ने 269/188 के तहत कार्रवाई की है।