फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सृष्टि की मौत का राज गहराया, ... आखिर किसने और क्यों मारा?, नहीं उठ सका राज से पर्दा

Wed, 19 Feb 2020 01:55 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

रक्षामंत्री के आवास पर तैनात लखनऊ के विकासनगर निवासी दरोगा वेद प्रकाश सिंह की बेटी सृष्टि (15) ने खुदकुशी नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गई थी। ‘अमर उजाला’ ने सृष्टि की खुदकुशी की कहानी पर सवाल उठाए थे। मंगलवार को पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय ने पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कराई तो चौंकाने वाले खुलासे हुए।

विज्ञापन


मालूम हो रक्षामंत्री की सुरक्षा में तैनात वेद प्रकाश सिंह की बेटी सृष्टि (15) की सोमवार दोपहर विकासनगर स्थित घर पर संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उसका शव घर के कमरे में पाया गया था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस को मौके से वेद प्रकाश सिंह की सर्विस पिस्टल व बुलेट बरामद हुई थी। परिवारीजनों का दावा था कि पढ़ाई को लेकर डांटने के चलते उसने सर्विस पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी की।

पुलिस आयुक्त का कहना है कि सृष्टि के परिवारीजनों ने उसकी कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी करने की जानकारी देकर पुलिस को गुमराह किया है। पूरा मामला संदिग्ध है। फिलहाल मामा लाइन चौराहा पुलिस चौकी के प्रभारी एसएन सिंह की तरफ से शक के आधार पर वेद प्रकाश के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया गया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


भारी वस्तु से प्रहार करने से माथे पर लगी चोट ही मौत की वजह
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सृष्टि के माथे पर किसी भारी वस्तु से प्रहार करने से लगी दो चोटों के अलावा बाएं हाथ की कलाई पर कट के तीन निशान व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के निशान थे। रिपोर्ट में गोली लगने का जिक्र ही नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक सृष्टि की मौत माथे पर लगी दो चोटों से हुई थी। 

फोरेंसिक रिपोर्ट आने का इंतजार

दरोगा वेद प्रकाश सिंह की बेटी सृष्टि (15) की मौत भले ही गोली लगने से नहीं हुई हो, पर कमरे में गोली चली जरूर थी। इससे सवाल उठते हैं कि आखिर गोली क्यों चलाई गई थी या किन परिस्थितियों में चली। पुलिस उपायुक्त उत्तरी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को कमरे की दीवार पर गोली का निशान मिला है।

एक खोखा भी मिला था जिसके आधार पर पुलिस अधिकारी सृष्टि के परिवारीजनों की खुदकुशी की कहानी को सही मान रहे थे। फिलहाल, पुलिस की तरफ से वेद प्रकाश सिंह पर बेटी की हत्या का शक जताते हुए एफआईआर दर्ज करा दी गई है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है

सृष्टि कॅरियर कॉन्वेंट स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा थी। सोमवार दोपहर घर पर ही उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। परिवारीजनों का कहना था कि सृष्टि की बोर्ड परीक्षाएं होने वाली थीं और वह पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे रही थी। इस बात को लेकर उसे डांटा गया, जिस पर उसने पिता की सर्विस पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली।

सृष्टि के खुदकुशी करने की बात पर ‘अमर उजाला’ ने सवाल उठाए जिसके बाद अधिकारियों ने पड़ताल शुरू कराई। बहरहाल पुलिस सृष्टि की मौत को ऑनर किलिंग मानकर जांच कर रही है।
विज्ञापन

गोरखपुर में हुआ क्रियाकर्म

सृष्टि को किसने और क्यों मारा? उसकी साजिश के तहत हत्या की गई या वह मारपीट के दौरान काल के गाल में समा गई? यह सवाल पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।  विष्णुपुरी कॉलोनी निवासी सुरक्षा वाहिनी के दरोगा वेद प्रकाश सिंह मूलरूप से गोरखपुर के हरिहरपुर के रहने वाले हैं।

सोमवार शाम पोस्टमॉर्टम के बाद परिवारीजन सृष्टि का शव लेकर मूल आवास चले गए, जहां मंगलवार को अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस उपायुक्त उत्तरी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने बताया कि गोरखपुर में सृष्टि के शव के क्रियाकर्म के बाद परिवारीजनों के लखनऊ लौटने पर इस राज से पर्दा उठेगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें