राजधानी लखनऊ में बीती आठ मई को रिश्ते में बाबा ने कक्षा दो की छात्रा से दुष्कर्म किया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बंथरा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि वह मजदूरी करता है। बीती आठ मई को वह काम पर गए थे। पत्नी रिश्तेदार के घर में थी। घर पर प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो में पढ़ाई करने वाली उनकी छह वर्षीय बेटी और चार वर्षीय बेटी और ढाई वर्षीय बेटा था। दोपहर करीब 2:30 बजे परिवार का ही 75 वर्षीय बुजुर्ग (रिश्ते में मासूम का बाबा) घर पहुंचा।
वह छात्रा को आम खिलाने और 20 रुपये का लालच देकर घर से करीब 100 मीटर दूर अपने पुराने घर ले गया। आरोप है कि वहां पर आरोपी ने मासूम के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। उसके बाद मासूम अपने अपने घर आ गई। शाम को जब पत्नी वापस घर लौटी, तब मासूम ने अपनी मां को पूरी घटना बताई।
गांव में बात फैली तो गांव के कुछ लोगों ने आपस में समझौता करा दिया। लेकिन, बाद में कुछ लोगों ने पीड़ित परिवार को आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत करने की सलाह दी। इसके बाद मासूम छात्रा की मां शुक्रवार को पुलिस के पास पहुंची।
फिलहाल पुलिस ने पीड़ित छात्रा की मां की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह ने आरोपी को हिरासत में लेने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि पीड़ित की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।